हमारे प्रतिनिधि राजकुमार
दुल्हन के साथ वापस लौटते बारात में नाचते हुए एक बाराती अचानक मूर्छित हो गया तथा अस्पताल ले जाते, ले जाते उसकी मृत्यु हो गई। मामला प्रखंड के नलसर पंचायत का है। जहां बुधवार की आधी रात को यह घटना घटी। बताते चलें कि नलसर पंचायत के गोविंदपुर गांव से निकट ही आबादपुर पंचायत के मदारगाछी में बारात गई थी। आधी रात के बाद जब दुल्हन को लेकर बारात वापस आ रही थी। उसी समय गोविंदपुर गांव के एक युवक 19 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल नाचते नाचते अचानक मूर्छित हो गया। उपस्थित लोगों ने तत्काल एक बच्चे के पिता मृतक मोहम्मद अब्दुल को अनुमंडलीय अस्पताल लाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया। वहीं एकमात्र दूध मूहे बच्चे के पिता की मौत पर पूरा गांव मातम मना रहा है। तथा परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं मृतक की पत्नी बुलबुली खातून मौत की खबर सुनकर बार-बार बेहोश हो जा रही है।
वहीं स्थानीय मुखिया महमूदा खातून ने बताया कि मोहम्मद अब्दुल बाराती बनकर आबादपुर के मदारगाछी गांव गया था। डीजे के धुन से उत्पन्न कंपन्न के कारण इनकी हृदय गति रुक गई जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंन कहा कि हम लोग अनुमंडल पदाधिकारी से मांग करते हैं कि डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध हो, उन्होंन कहा कि कानूनन प्रतिबंध तो है परन्तु कानून को अमल में नहीं लाने के चलते खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है। उन्होंने कहा की शादी ब्याह हो या धार्मिक अनुष्ठान हमारे क्षेत्र में डीजे का प्रचलन बहुत ज्यादा हो गया है। जिससे हार्ट अटैक का खतरा काफी बढ़ गया है और यही कारण है कि हम लोगों के क्षेत्र में हृदय रोग से संबंधित बहुत अधिक रोगी भी है। वहीं इस संबंध में स्थानीय चिकित्सक समामुल आरफीन अंसारी ने बताया कि डीजे का धुन से काफी कंपन्न होता है। जिस क्षेत्र में डीजे बजाया जाता है। उसके कंपन्न से घर के सामानों के साथ-साथ खिडक़ी दरवाजा तक कांपने लगता है। खिड़की में लगे कांच झन-झन करके बजने लगते हैं।ऐसा लगता है मानो
भूकंप आ गया है। उन्होंन कहा कि क्षेत्र में ह्रदय रोग से संबंधित रोगियों कि संख्या भी अत्यधिक है।जब डीजे की धुन बजती है तो हार्ट के पेशेंट को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। वहीं मृतक के घर में अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा है। वहीं इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी दीक्षित श्वेतम ने कहा कि डीजे बजाना प्रतिबंधित है। अनुमंडल के सभी थाना अध्यक्षों को पत्र भेजा जा रहा है। जिसके तहत सभी थाना अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में डीजे नहीं बजाया जाए इसकी निगरानी रखेंगे। वहीं डीजे की धुन के कंपन्न से मौत होने की खबर सुनकर क्षेत्र के लोग काफी आश्चर्यचकित है। तथा डीजे नहीं बजाने को लेकर चर्चाएं कर रहे हैं।






















