जोकीहाट प्रखंड
क्षेत्र की चिल्हनिया पंचायत के पूर्व मुखिया मो. आसिफ एखलाक का सोमवार को लंबे समय से बीमारी से जूझने के बाद निधन हो गया। पटना जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही चिल्हनिया पंचायत सहित पूरे जोकीहाट प्रखंड में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके निधन पर दुख जताते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
मो. आसिफ के निधन की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री शाहनवाज आलम ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मो. आसिफ के निधन से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने मरहूम के लिए दुआ करते हुए कहा, “अल्लाह तआला मरहूम की मगफिरत फरमाए, उनकी कब्र को नूर से भर दे और उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मकाम अता फरमाए। साथ ही, इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों को सब्र-ए-जमील अता फरमाए।
पूर्व मुखिया के निधन की खबर के बाद पंचायत के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। लोगों ने कहा कि मो. आसिफ का निधन पंचायत और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से क्षेत्र में मातमी माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन एवं शोक संवेदना के लिए उनके आवास पहुंच रहे हैं।














