नजरिया न्यूज़, आर एस अररिया। विकाश प्रकाश।
मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल परिसर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से तृतीय वर्ग तक के लगभग 75 छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण, राधा सहित विभिन्न पौराणिक स्वरूप धारण कर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। बच्चों के मनमोहक कृष्ण रूप को देखकर उपस्थित अभिभावक मंत्रमुग्ध हो गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इसके बाद कुंज बिहारी की आरती हुई, जिसमें उपस्थित माताओं एवं अभिभावकों ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती कर तिलक लगाया। भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु भक्तिभाव में झूम उठे।

विद्यालय के निदेशक डॉ. संजय प्रधान ने बच्चों को श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर डॉ. बी.एन. झा, महेश केडिया, विजय केडिया, ओम शांति की लाडली बहन एवं अनिल शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
झांकी में शामिल सभी बच्चों को कॉपी, पेंसिल बॉक्स, पेंसिल एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन अर्जुन कुमार झा ने किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।














