रामाश्रम सत्संग मथुरा उपकेंद्र कटिहार के तत्वावधान में दंडखेड़ा प्रखंड की रायपुर पंचायत अंतर्गत बैलराही गांव में शिक्षक तारकेश्वर मंडल के आवास पर दो दिवसीय आध्यात्मिक सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर सत्संग, भजन-कीर्तन एवं प्रवचन का लाभ उठा रहे हैं।
सत्संग समारोह में अररिया से पधारे आचार्य श्री विनोद प्रसाद ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करते हुए कहा कि सत्संग मनुष्य के जीवन को सकारात्मक दिशा देता है। उन्होंने बताया कि ईश्वर की भक्ति, सत्य का पालन और मानव सेवा ही जीवन का वास्तविक धर्म है। सत्संग के माध्यम से व्यक्ति के मन में सद्भाव, करुणा और आत्मविश्वास का विकास होता है।
आचार्य ने कहा कि आज के व्यस्त जीवन में मानसिक शांति और आत्मिक सुख प्राप्त करने के लिए सत्संग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से नशामुक्ति, सदाचार और समाज में प्रेम एवं भाईचारे का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में डूबकर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों एवं सत्संग प्रेमियों की सक्रिय भूमिका रही।






















