1. योजनाबद्ध कार्रवाई में BDO और अकाउंटेंट धराए
2. BDO आवास में दस्तावेजों की जांच जारी
नजरिया न्यूज रानीगंज/अररिया। आदित्य दत्ता।
अररिया जिले के रानीगंज प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना से आई विशेष निगरानी इकाई (विजिलेंस) की टीम ने सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) रितम कुमार चौहान को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनके साथ प्रखंड के अकाउंटेंट आदित्य प्रियदर्शी को भी पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, किसी योजना से जुड़े कार्य के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत पर निगरानी टीम ने जाल बिछाया था। दोनों अधिकारियों को तय रकम लेते ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद टीम ने रानीगंज स्थित BDO आवास पर छापेमारी की और वहां मौजूद दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की।
सूत्रों का कहना है कि इस कार्रवाई से प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस टीम की जांच अभी जारी है और कुछ अन्य अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।