कटिहार/फलका। बिहार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामजी दास ऋषि के पुत्र सुनील कुमार को फलका पुलिस ने स्मैक तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके साथ पूर्णिया जिले के भवानीपुर निवासी खुशीलाल मंडल को भी पुलिस ने दबोच लिया। दोनों स्पोर्ट्स बाइक से स्मैक की खेप लेकर जा रहे थे। पुलिस ने उनके पास से 102.79 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गेड़ाबाड़ी से फलका के रास्ते स्मैक की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी सौरभ तथा पुलिस बल की संयुक्त टीम ने निसुंदरा पुल के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। गुरुवार सुबह करीब 7:50 बजे बिना नंबर की एक स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों युवक बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
बीडीओ की मौजूदगी में तलाशी लेने पर मुख्य आरोपी सुनील कुमार के थैले से प्लास्टिक में पैक स्मैक बरामद हुई। डिजिटल तराजू से वजन करने पर इसकी मात्रा 102.79 ग्राम पाई गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन और बाइक को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार खुशीलाल मंडल का आपराधिक इतिहास रहा है। वह स्मैक तस्करी और अवैध शराब कारोबार के मामलों में पहले भी दो बार जेल जा चुका है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि आरोपी सुनील कुमार के पिता स्वर्गीय रामजी दास ऋषि वर्ष 2005 से 2010 तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में मंत्री रहे थे। वे रानीगंज से भाजपा विधायक तथा अररिया लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुके थे। वर्ष 2020 में उनका निधन हो गया था।




















