संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया 
पलासी प्रखंड शनिवार और रविवार को प्रखंड क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं धान की खेती करने वाले किसानों के चेहरे पर भी खुशी लौट आई। पिछले कई दिनों से जारी तेज गर्मी के बाद बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।बारिश को धान की फसल के लिए किसानों ने काफी लाभकारी बताया है। किसानों के अनुसार, खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से धान की फसल को फायदा हुआ है। समय पर हुई बारिश से सिंचाई की जरूरत भी कुछ हद तक पूरी हुई है। किसानों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम अनुकूल रहा तो धान की फसल बेहतर होने की उम्मीद है।हालांकि, बारिश ने प्रखंड क्षेत्र में जलनिकासी की व्यवस्था की कमी भी उजागर कर दी है। कई प्रमुख सड़कों पर बारिश का पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कें क्षतिग्रस्त नहीं होने के बावजूद नालियों और समुचित जलनिकासी की व्यवस्था नहीं रहने के कारण पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है।प्रखंड मुख्यालय से मदनपुर होते हुए जिला मुख्यालय अररिया जाने वाले मुख्य मार्ग पर डेहटी, मदनपुर समेत कई स्थानों पर बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया। वहीं पलासी से पश्चिम चिड़ियारी के समीप बंद पड़े पुल निर्माण कार्य स्थल के पास बने डायवर्सन पर भी बारिश के बाद पानी और फिसलन की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।इधर, जोकीहाट से पलासी होते हुए बलुआ कलियागंज के रास्ते पड़ोसी राष्ट्र नेपाल को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर भी जलजमाव की समस्या देखने को मिली। डेगा, मैना, बलुआ ड्योढ़ी, मोहनियां, पलासी बाजार, कनखुदिया, मेहरो चौक और बलुआ कलियागंज सहित कई स्थानों पर सड़क पर बारिश का पानी जमा हो गया।
कनखुदिया काली चौक के समीप स्थिति अधिक गंभीर बताई जा रही है। यहां नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा होकर झील जैसा नजारा प्रस्तुत कर रहा है। जलजमाव के कारण पैदल चलने वाले लोगों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है।स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से प्रमुख सड़कों के किनारे नाली निर्माण कराने तथा बारिश के पानी की स्थायी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में लगातार बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो सकती है

















