नजरिया न्यूज। भरगामा।
प्रखंड के बिलेनिया नदी पर जहद घाट के पुर्वी बांध पर बन रहे सड़क में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर नाराजगी व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद गांव में पहली बार पक्की सड़क का निर्माण हो रहा है।
ग्रामीण सड़क निर्माण में उजला गिट्टी व उजला बालू के प्रयोग से नाराज थे। ग्रामीणों ने बताया कि जहद घाट पर सड़क का निर्माण वे लोग विभिन्न मंच से लंबे समय से करते आ रहे हैं। जब सड़क का निर्माण प्रारंभ हुआ तो ग्रामीणों में काफी खुशी हुई। लेकिन सड़क निर्माण में लगे एजेंसी के द्वारा ढलाई में उजला और गुणवत्तविहीन गिट्टी का प्रयोग धडल्ले से किया जा रहा है।
बताया जाता है कि उक्त घाट पर मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत करीब साढ़े तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाना है। करीब तीन करोड़ से ज्यादा की लागत से बनने वाले सड़क के किनारे बह रही बिलेनिया नदी के पास सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है की इस सड़क के बन जाने से गांव वालों को आवागमन में सुविधा होगी। इधर सड़क निर्माण में उजला गिट्टी व उजला बालू के प्रयोग से ग्रामीण नाराजगी व्यक्त करते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग किया है।
इधर पुछे जाने पर संवेदक ने बताया सड़क निर्माण कार्य नियमानुसार किया जा रहा है। ग्रामीण का आरोप बेबुनियाद है।






















