सावन पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर प्रसिद्ध सुंदरनाथ धाम में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मंदिर परिसर में भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके साथ ही पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
भक्ति जागरण में मैथिली कलाकार जुली झा समेत विभिन्न कलाकारों ने भक्ति गीत और आकर्षक धार्मिक झांकियां प्रस्तुत कीं। कलाकारों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा।
इस मौके पर एडीएम अनिल कुमार झा ने कहा कि सावन पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा सुंदरनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
शुक्रवार की अहले सुबह करीब चार बजे मंदिर का मुख्य द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की कतार लग गई और भक्तों ने पवित्र जल से बाबा सुंदरनाथ का जलाभिषेक शुरू किया। भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई। ट्रैफिक डीएसपी अरुण कुमार पांडे की निगरानी में यातायात व्यवस्था संभाली गई। मौके पर डीएसपी सुशील कुमार, एसडीओ दीक्षित श्वेतम, बीडीओ नैना पाल, सीओ आलोक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।






















