नजरिया न्यूज़, भरगामा (अररिया)।
भरगामा अंचल कार्यालय में राजस्व व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से नौ राजस्व कर्मचारियों का विभिन्न हल्कों में पदस्थापन एवं हल्का आवंटन किया गया है। इस संबंध में अंचलाधिकारी पूजा कुमारी ने कार्यालय आदेश जारी किया है।
अंचलाधिकारी पूजा कुमारी ने बताया कि बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा जिला पदाधिकारी, अररिया के निर्देश के आलोक में बिहार राजस्व कर्मचारी संवर्ग नियमावली, 2025 के तहत प्रशासनिक एवं कार्यहित को ध्यान में रखते हुए राजस्व कर्मचारियों को अलग-अलग हल्कों में तैनात किया गया है। सभी कर्मचारियों को अपने-अपने आवंटित हल्कों का प्रभार तत्काल ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार विजेंद्र कुमार झा को मानुल्लाहपट्टी एवं खजुरी, मिथिलेश कुमार चौधरी को वीरनगर पूर्व, विषहरिया एवं रघुनाथपुर उत्तर, कुलदीप कुमार मंडल को कुशमौल एवं सिरसिया हनुमानगंज, सुमन कुमार विश्वास को सिमरबनी एवं शंकरपुर, प्रीतम कुमार को रघुनाथपुर दक्षिण एवं पैकपार, जितेन्द्र पासवान को भरगामा, रामपुर आदि, देश दीपक कुमार को खुटहा बैजनाथपुर, धनेश्वरी एवं हरिपुर कला तथा राजकिशोर कुमार को नया भरगामा एवं वीरनगर पश्चिम हल्का आवंटित किया गया है।
अंचलाधिकारी पूजा कुमारी ने कहा कि हल्का आवंटन का उद्देश्य राजस्व कार्यों में तेजी लाना, आम लोगों को समय पर सेवा उपलब्ध कराना तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। सभी राजस्व कर्मचारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।






















