भरगामा प्रखंड क्षेत्र के कुसमौल पंचायत के वार्ड संख्या-3 में पिछले एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। लगातार अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीणों का शुक्रवार को आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करते हुए जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
ग्रामीण कैलाश राम, नुनुलाल सरदार, सुरेंद्र सरदार, सोदी सरदार, कैलु सरदार, छुतहरु सरदार, कारी सरदार, अनमोल सरदार, उपेंद्र सरदार, सुमन ठाकुर, महानंद सरदार और सुकदेव सरदार ने बताया कि एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर खराब है, लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। शिकायत के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर ठीक नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मोबाइल चार्ज करने, पानी की व्यवस्था और घरेलू कामकाज में भी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली बिल वसूली में विभाग तत्पर रहता है, लेकिन खराब ट्रांसफार्मर को ठीक कराने में एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अविलंब ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे विद्युत विभाग के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
जोकीहाट में रक्षाबंधन की धूम: बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, उमड़ा अटूट प्रेम
जोकीहाट:अररिया। रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को जोकीहाट प्रखंड क्षेत्र में भाई-बहन के प्रेम और स्नेह की खूबसूरत तस्वीर देखने...






















