नजरिया न्यूज बारसोई कटिहार।
जिनके नाम जमीन होगा वही जमीन की बिक्री कर सकेगा इस नियम को मानने में हो रही परेशानी को लेकर सरकार ने अपने कर्मियों को भूधारियों की सेवा में लगा दिया है। जिसके तहत मंगलवार, बुधवार, और गुरुवार को तीन दिवसीय शिविर पंचायत में लगाया जाएगा जहां हल्का कर्मचारी की उपस्थिति में वंशावली बनाने के बाद सभी हिस्सेदारों की सहमति से लिखित बटवारा कर जमीन की जमाबंदी खुलवायी जाएगी। उक्त जानकारी नव पदास्थापित अंचलाधिकारी श्याम सुंदर ने शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय के सभा भवन में आयोजित जन वितरण के दुकानदारों और पंचायत स्तरीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए दी। वहीं उक्त बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी हरिओम कुमार शरण ने आयुष्मान कार्ड के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अब व्यापक स्तर पर राशन कार्ड धारी गरीब लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। जिसके तहत प्रत्येक कार्ड धारी सदस्यों के लिए 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा होगा यानि गरीब राशन कार्ड धारी व्यक्ति अपना इलाज मुफ्त में करा सकते हैं।
इसके लिए पंचायत में चुने गए एक या दो डीलरों के केंद्र पर ऑनलाइन कनेक्शन जोड़ने वाले वसुधा केंद्र कर्मी बैठेंगे और वहीं आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। या फिर जरूरी कागजात लेकर वसुधा केंद्र में भी कार्ड बनाया जा सकता है जिसके लिए कार्ड धारी को अपने साथ राशन कार्ड की छाया प्रति और अपना आधार कार्ड जैसे पहचान पत्र को लाना आवश्यक है। बता दें की आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए भी आवेदन आज से लेना शुरू हो जाएगा। वहीं श्री शरण ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण में केंद्र सरकार की ओर से आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। वहीं जिन लोगों का नाम केंद्र सरकार की सूची में नहीं होगा वैसे राशन कार्ड धारी का कार्ड बाद में दूसरे चरण में प्रदेश की सरकार के द्वारा बनाया जाएगा। उन्होंने बैठक के माध्यम से राशन कार्ड धारी से अपील करते हुए कहा कि अधिक जानकारी के लिए नजदीकी के जन वितरण के दुकानदार से संपर्क कर सकते हैं। वहीं इस अवसर पर बारसोई आपूर्ति पदाधिकारी अरविंद कुमार प्रत्येक पंचायत के अध्यक्ष डीलर गण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।






















