नजरिया न्यूज़। अररिया। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी 52वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 179.4 लीटर नेपाली शराब जब्त की है। यह कार्रवाई सोमवार, 23 नवंबर को बाह्य सीमा चौकी सिकटी के जवानों ने कमांडेंट मितुल कुमार के निर्देशन में की।
एसएसबी के सहायक कमांडेंट कृष्णा कुमार मीणा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से शराब की खेप अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष नाका दल गठित कर सीमा क्षेत्र में सघन निगरानी शुरू की गई। इसी दौरान सुबह करीब 5:11 बजे सीमा स्तंभ संख्या 160 के समीप नेपाल की ओर से कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं।
एसएसबी जवानों को अपनी ओर बढ़ता देख तस्कर जूट के बोरे छोड़कर अंधेरे और घने कोहरे का फायदा उठाते हुए नेपाल की ओर फरार हो गए। जवानों ने घेराबंदी कर तलाशी ली, जिसमें कुल 179.4 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई।
जब्त शराब को आबकारी विभाग, अररिया को सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, फरार तस्करों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सुमन कुमार झा, आरक्षी सुनील कुमार और आरक्षी नितिन कुमार सहित अन्य जवान शामिल थे।


















