संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना क्षेत्र के श्यामपुर पैरवाखरी गांव में ट्रैक्टर की चाबी छीनने के विवाद में एक दंपती के साथ मारपीट करने और महिला के आभूषण व नकदी छीनने का मामला सामने आया है। घटना 19 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। मामले में पीड़िता बेबी कुमारी ने पलासी थाने में आवेदन देकर गांव के ही कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।आवेदन के अनुसार, ट्रैक्टर की चाबी को लेकर उनके पति दिनेश सागर और आरोपितों के बीच कहासुनी हो रही थी। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपितों ने उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्हें जमीन पर पटककर लाठी-डंडे और लात-मुक्कों से पीटा गया। पीड़िता ने एक आरोपित पर उनके पति का गला दबाने का भी आरोप लगाया है।पति को बचाने पहुंची पीड़िता के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके कपड़े फाड़कर उन्हें अपमानित किया गया। साथ ही उनके गले से करीब आठ भर चांदी का हार, पैर से चांदी की पायल और उनके पति की जेब से 1500 रुपये नकद छीन लिए गए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने की बात भी आवेदन में कही गई है।शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दंपती को बचाया।इस संबंध में पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।





















