- जोगबनी थाना और आईसीपी की अग्निशमन टीम ने आपसी समन्वय से पाया आग पर काबू, कर्मियों की तत्परता और जज्बे की हो रही सराहना
नजरिया न्यूज़
जोगबनी (अररिया)। राकेश कुमार। कोचगामा और निरपुर में आग लगने की घटनाओं के बाद मची अफरा-तफरी के बीच अग्निशमन विभाग की टीमों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए मोर्चा संभाला। सूचना मिलते ही जोगबनी थाना एवं आईसीपी जोगबनी की अग्निशमन टीमें मौके पर पहुंचीं और आपसी तालमेल के साथ आग बुझाने में जुट गईं। कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली।
इस दौरान जोगबनी थाना की अग्निशमन टीम के कर्मी विवेक कुमार, सरूण कुमार एवं प्रिया सिंह ने मौके पर डटे रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं, आईसीपी जोगबनी की टीम का नेतृत्व एफएसएसओ राहुल कुमार सिंह ने किया।
टीम में लीडिंग फायरमैन सुमित कुमार एवं कलोल दास, डीसीपीओ हरि सिंह मीणा तथा फायरमैन विष्णु तिवारी, उमा शंकर सिंह, बाबुधन कुमार और विशाल तिवारी शामिल रहे।
दोनों टीमों के बीच बेहतर समन्वय और कर्मियों की तत्परता से आग पर नियंत्रण पाने में मदद मिली। आग की लपटों के बीच अपनी जान की परवाह किए बिना कर्तव्य निभाने वाले अग्निशमन कर्मियों के साहस, समर्पण और जज्बे की सराहना की जा रही है। बीबीएन (BBN) ने भी अग्निशमन कर्मियों की इस कर्तव्यनिष्ठा और जज्बे को सलाम किया।


















