नजरिया न्यूज़, भरगामा (अररिया)। जीतू दास।
भरगामा प्रखंड क्षेत्र के महथावा स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय के भवन निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार को लेकर अधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। सोमवार को बीडीओ डाॅ केशव कुमार राय एवं कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) प्रशान्त कुमार राय प्राचार्य डाॅ एसएल वर्मा ने महाविद्यालय परिसर पहुंचकर निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, कुणाल कुश कंस्ट्रक्शन के माध्यम से करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से महाविद्यालय के भवन का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माणाधीन परिसर में मुख्य शैक्षणिक भवन के अलावा छात्रावास (हॉस्टल) और आधुनिक प्रयोगशाला (लैब) की सुविधा भी विकसित की जानी है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को एक ही परिसर में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर ध्यान देते हुए कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने पर जोर दिया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मानकों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता भी बताई। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह भवन क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दूसरे भवनों में संचालित हो रहा महाविद्यालय
गौरतलब है कि अपने भवन के अभाव में फिलहाल राजकीय डिग्री महाविद्यालय का पठन-पाठन श्री दरबारी राय उच्च विद्यालय के चार भवनों में संचालित किया जा रहा है। महाविद्यालय के अपने भवन की सुविधा नहीं होने से विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों के बीच पढ़ाई करनी पड़ रही है। ऐसे में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को नए भवन के निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि महाविद्यालय का अपना भवन तैयार होने से भरगामा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में काफी सहूलियत होगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने से उच्च शिक्षा के प्रति उनका रुझान बढ़ेगा। अब लोगों की निगाहें निर्माण कार्य की गति और भवन के जल्द पूरा होने पर टिकी हैं।




















