नजरिया न्यूज़
जोगबनी (अररिया)। राकेश कुमार। राधाकृष्ण सरस्वती विद्या मंदिर +2 परिसर में सोमवार, 23 नवंबर को सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य राजकुमार साह, उत्सव प्रमुख लोकेश नाथ झा, धरनीधर मंडल एवं अजीत कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने गुरु नानक देव जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं, रचनाओं और प्रेरक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने गुरु नानक जी के मूल मंत्र ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ के माध्यम से नाम-स्मरण, ईमानदारी से परिश्रम और मिल-बांटकर खाने का संदेश दिया।
प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए धरनीधर मंडल ने कहा कि जीवन के कठिन और संकटपूर्ण समय में विद्या, विनम्रता, साहस एवं सत्य ही मनुष्य के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। वहीं प्रभारी प्रधानाचार्य राजकुमार साह ने विद्यार्थियों से गुरु नानक देव जी के समानता, निस्वार्थ सेवा, भाईचारे और सत्यनिष्ठा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को प्रेम, सद्भाव, मानवता और एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के आचार्य बंधु-भगिनी एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से संपन्न हुआ।


















