नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिला पदाधिकारी अररिया के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने 94.320 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही शराब ढोने में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वेन्यू कार को भी जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को मद्य निषेध विभाग, अररिया को सूचना मिली थी कि किशनगंज की ओर से फोरलेन सड़क के रास्ते अररिया की तरफ विदेशी शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही निरीक्षक मद्य निषेध-सह-थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई।
टीम ने ककवन टोल प्लाजा के पास संदिग्ध हुंडई वेन्यू कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस टीम को देखकर चालक ने गाड़ी घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से इंपीरियल ब्लू व्हिस्की और ऑफिसर चॉइस एलिट ब्रांड की कुल 94.320 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
मौके से चालक और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. आरिफ और शंकर कुमार के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


















