संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार की कार्रवाई, न्यायालय में पेशी की तैयारी; तीन अन्य नामजद आरोपितों की तलाश जारी पलासी थाना क्षेत्र के मोहिनियां गांव की 14 वर्षीय किशोरी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के महज चार दिनों के अंदर पलासी पुलिस ने मामले में नामजद मुख्य आरोपित मो. रिजवान अली को गिरफ्तार कर लिया है। पलासी थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में चर्चित किशोरी हत्याकांड की जांच में अहम प्रगति मानी जा रही है।मालूम हो कि पलासी थाना क्षेत्र के मोहिनियां पुल के समीप टन्ना गाछ कलवर्ट के पास 14 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ था। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पलासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू की थी।इस संबंध में मृतका के मामा ने पलासी थाना में आवेदन देकर चार लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में मो. रिजवान अली, बीबी बदरू निशा, मो. औकत खां तथा बानसर गांव निवासी रजाबुल खां को नामजद आरोपित बनाया गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पलासी थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार पुलिस टीम के साथ जांच में जुटे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी के नामजद आरोपित मो. रिजवान अली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।















