अररिया (नजरिया न्यूज़)। विकाश प्रकाश। बिहार राज्य फसल सहायता योजना के अंतर्गत कृषि वर्ष 2026-27 के तहत अररिया के जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन ने रानीगंज प्रखंड क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खरहट पंचायत स्थित खरहट राजस्व ग्राम में अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग का स्थलीय निरीक्षण किया।
यह फसल कटनी प्रयोग स्थानीय किसान गोपाल विश्वास (पिता सुखदेव विश्वास) के खेत में निर्धारित मानकों और प्रक्रिया के तहत संपन्न कराया गया। प्रयोग के दौरान खेत के 50 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में धान की कटाई कर दानों का वजन किया गया, जिसमें हरे दाने का कुल वजन 26 किलोग्राम 910 ग्राम प्राप्त हुआ। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर धान की अनुमानित उपज दर 53 क्विंटल 82 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर आंकी गई है।
जिलाधिकारी श्री दूहन ने मौके पर फसल कटनी प्रयोग की पूरी प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया और उपस्थित पदाधिकारियों व कर्मियों से फसल उत्पादन से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, संबंधित कृषि समन्वयक, प्रयोगकर्ता, किसान सलाहकार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।