- 28 नवंबर तक खुलेंगे सुकन्या समृद्धि खाते
पार्सल बुकिंग सेवा में पूर्णिया डाक मंडल ने बिहार में हासिल किया दूसरा स्थान - अररिया के सभी डाकघरों में उपलब्ध है पार्सल बुकिंग की सुविधा
नजरिया न्यूज़, भरगामा (अररिया)। जीतू दास।
बेटियों की शिक्षा, आर्थिक सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डाक विभाग की ओर से सुकन्या समृद्धि खाता खोलने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत क्षेत्र में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अभिभावकों को अपनी बेटियों के नाम सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। फारबिसगंज के अनुमंडलीय डाक निरीक्षक मोहम्मद जहांगीर आलम के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के दौरान डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
डाक विभाग अपनी सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के माध्यम से आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में पार्सल बुकिंग सेवा में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पूर्णिया डाक मंडल ने बिहार परिमंडल में दूसरा स्थान हासिल किया है। पूर्णिया डाक मंडल के अंतर्गत अररिया जिला भी आता है, इसलिए यह उपलब्धि जिले के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस उपलब्धि पर बिहार परिमंडल कार्यालय के सभागार में मुख्य पोस्टमास्टर जनरल द्वारा पूर्णिया मंडल के पूर्व डाक अधीक्षक एवं वर्तमान डाक अधीक्षक को संयुक्त रूप से ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिले के सभी डाकघरों में पार्सल बुकिंग की सुविधा
इस उपलब्धि की खास बात यह है कि अररिया जिले के सभी डाकघरों में पार्सल बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। अब ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और स्थानीय व्यवसायियों को पार्सल भेजने के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की जरूरत नहीं है। वे अपने नजदीकी डाकघर से देशभर में पार्सल भेज सकते हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह उपलब्धि डाक कर्मियों के सामूहिक प्रयास, कार्य के प्रति समर्पण और बेहतर ग्राहक सेवा का परिणाम है। विभाग का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक नागरिक तक आधुनिक, सुलभ और विश्वसनीय सेवाएं पहुंचाना है।
फोटो कैप्शन : पार्सल बुकिंग सेवा में बिहार परिमंडल में दूसरा स्थान हासिल करने पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल से ट्रॉफी प्राप्त करते पूर्णिया के डाक अधीक्षक
आधार से लेकर पासपोर्ट तक की सुविधाएं
डाक विभाग की ओर से जिले के विभिन्न डाकघरों में आधार नामांकन एवं आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, फारबिसगंज डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित है, जहां नागरिक पासपोर्ट संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से लोगों को जरूरी कार्यों के लिए दूरस्थ शहरों की यात्रा करने से राहत मिल रही है। इसके अलावा स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड डाक, बचत बैंक योजनाओं सहित कई अन्य सेवाएं भी डाक विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
28 नवंबर तक सुकन्या समृद्धि खाता खोलने का अभियान
अधिकारियों ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत अधिक से अधिक बेटियों का खाता खोलने और नया कीर्तिमान स्थापित करने के उद्देश्य से 28 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं, ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) एवं डाक जीवन बीमा (पीएलआई) के तहत लोगों को बीमा योजनाओं से जोड़ने के लिए 27 नवंबर तक विशेष अभियान चलाकर जागरूक किया जाएगा। इस दौरान लोगों को डाक विभाग की विभिन्न बचत एवं बीमा योजनाओं के लाभ और सुविधाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मौके पर सभू प्रसाद मंडल, नवीन कुमार, प्रदीप मेहता, संजय झा, कमल प्रसाद कमल, शुभांगी कुमारी, कमलेश श्रीवास्तव, ललित शर्मा सहित अन्य डाक कर्मी मौजूद थे।


















