- अंतरजिला बाइक व टेम्पो चोर गिरोह पर शिकंजा, दो बाइक बरामद और एक अन्य बाइक जब्त
नजरिया न्यूज़
जोकीहाट (अररिया)। अल्लमा गजाली। जोकीहाट थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी के दौरान बागमारा गांव से चोरी की दो मोटरसाइकिल एवं एक सीएनजी टेम्पू बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने मो० इश्तियाक, पिता रजाबुल, निवासी बागमारा वार्ड नंबर 01, थाना जोकीहाट, जिला अररिया को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे विशेष छापेमारी के दौरान सूचना मिली कि बागमारा गांव का एक व्यक्ति विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए मोटरसाइकिलों को अपने घर में रखकर उनका कारोबार करता है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने आरोपी के घर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान घर से एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR37AG3988), एक काले रंग की TVS अपाची मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR39AR8408) तथा एक सीएनजी टेम्पू (रजिस्ट्रेशन नंबर BR19PS489) बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि बरामद वाहनों के संबंध में आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। सत्यापन के दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल किशनगंज जिले के लाइन मछुवा बस्ती निवासी रुकसार प्रवीण की बताई गई, जिसकी चोरी के संबंध में किशनगंज थाना में कांड संख्या 809/26 दर्ज है।वहीं, टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र के चौकी हरिपुर निवासी सदाब की बताई गई। उक्त वाहन की चोरी के संबंध में कदवा थाना में कांड संख्या 383/24 दर्ज कराया गया था। दोनों चोरी के मामलों का संबंधित थानों से सत्यापन किया गया।तीसरे वाहन सीएनजी टेम्पू के संबंध में भी आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने तीनों वाहनों को विधिवत जप्ती सूची बनाकर जब्त कर लिया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया है।इस छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक सोनाली कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक सुभाष चन्द्र, पंकज कुमार, संजीव कुमार, पीटीसी रोहित तिवारी, सिपाही सूरज कुमार, राजीव कुमार, गृहरक्षक देवी लाल साह एवं स्थानीय चौकीदार नथरु ततमा शामिल थे। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।





















