- भरगामा मुखिया संघ की बैठक में योजनाओं के भुगतान और एनएमएमएस व्यवस्था में सुधार की उठी मांग
- गुरुवार को डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
नजरिया न्यूज़, भरगामा (अररिया)। जीतू दास।
भरगामा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में प्रदेश महासंघ मुखिया अध्यक्ष मिथिलेश कुमार राय के निर्देश पर प्रखंड मुखिया संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष भागवत दास ने की। बैठक में पंचायतों में मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन, लंबित भुगतान तथा तकनीकी प्रक्रियाओं में आ रही समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुखिया संघ के सदस्यों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की राशि का भुगतान अब तक कई पंचायतों में लंबित है। संबंधित योजनाओं की फाइलों में एमबी (मेजरमेंट बुक) उपलब्ध नहीं होने तथा बीएम की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं के कारण एमएल और एफटीओ की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो पा रही है। इससे पंचायतों में योजनाओं की राशि अटकी हुई है और जनप्रतिनिधियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुखिया संघ ने कार्यक्रम पदाधिकारी, भरगामा से मांग की कि शिष्टमंडल के साथ बैठकर लंबित योजनाओं की समीक्षा की जाए, अधूरी फाइलों को पूर्ण कराया जाए तथा भुगतान की प्रक्रिया को विभागीय स्तर पर शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि पंचायतों को योजनाओं की बकाया राशि मिल सके।
बैठक में वीबी-रामजी योजना के तहत पंचायतवार संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुखिया सदस्यों ने कहा कि एनएमएमएस (नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम) के माध्यम से मजदूरों की उपस्थिति दर्ज करने में कई तरह की तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। कई बार मजदूर कार्यस्थल पर काम करने के बाद वापस लौट जाते हैं, लेकिन एनएमएमएस के माध्यम से उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाती। इसके कारण मजदूरों का भुगतान बाधित हो जाता है। इस समस्या से पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मजदूर भी परेशान हैं। संघ ने एनएमएमएस व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा तकनीकी खामियों का समाधान करने की मांग की।
बैठक में उपस्थित सभी मुखिया एवं प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि यदि लंबित भुगतान और एनएमएमएस से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो गुरुवार को जिलाधिकारी, अररिया से मिलकर समस्याओं से अवगत कराया जाएगा तथा मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में कुशमौल मुखिया सह प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष भागवत दास, पैकपार मुखिया धनंजय सिंह भंटू, मुखिया प्रतिनिधि विजय चौपाल, शंकरपुर पंचायत मुखिया उमेश यादव, मुखिया प्रतिनिधि सुमन सिंह, सिरसिया हनुमानगंज मुखिया उर्मिला देवी, रघुनाथपुर उत्तर मुखिया ऐश्वर्या राज, रघुनाथपुर दक्षिण मुखिया प्रतिनिधि दीपक कुमार, मुन्ना यादव, हरिपुर कला के अरुण यादव, खुटहा के उदय शंकर राम तथा शाहनवाज उर्फ लड्डन सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।




















