संजय कुमार, संवाददाता पलासी अररिया।
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जुल करनैन को पलासी प्रखंड अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। सोमवार को अररिया स्थित शाही पैलेस में आयोजित पार्टी के वार्षिक सम्मेलन में उनकी नियुक्ति की घोषणा की गई। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी एवं उत्साह का माहौल है।सम्मेलन की अध्यक्षता AIMIM के अररिया जिला अध्यक्ष जनाब इंजीनियर मंजूर आलम ने की। इस मौके पर जोकीहाट विधायक जनाब मुर्शिद आलम समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों से पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में संगठन के विस्तार, पार्टी की मजबूती और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता बनाए रखते हुए पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने का
आह्वान किया गया।पलासी प्रखंड अध्यक्ष बनाए जाने पर जुल करनैन ने जिला अध्यक्ष इंजीनियर मंजूर आलम एवं जोकीहाट विधायक मुर्शिद आलम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। प्रखंड में संगठन को मजबूत करना, नए लोगों को पार्टी से जोड़ना तथा आम जनता की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सहयोग एवं मार्गदर्शन की अपील करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से पलासी प्रखंड में संगठन को नई मजबूती प्रदान की जाएगी। उनकी नियुक्ति को क्षेत्र में पार्टी संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

















