संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी प्रखंड क्षेत्र की कुजरी पंचायत स्थित संथाली चौक पर आगामी 23 एवं 24 फरवरी 2027 को आयोजित होने वाले दो दिवसीय संतमत सत्संग को लेकर रविवार को भूमि पूजन एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिवक्ता काशीनाथ विश्वास के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के साथ ही सत्संग की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हुआ। परम पूज्य महर्षि मेही परमहंस जी महाराज के अनुयायी बाबा व्यासानन्द जी महाराज की अध्यक्षता में होने
वाले इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।भूमि पूजन एवं ध्वजारोहण के बाद आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें सत्संग स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था और कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर चर्चा की गई। आयोजन के लिए आवश्यक भूमि की व्यवस्था को लेकर संबंधित किसानों से भी संपर्क किया गया है।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संतमत सत्संग लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करने के साथ ही सत्य, अहिंसा, सदाचार और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सत्संग को सफल बनाने के लिए सभी ग्रामीणों से आपसी सहयोग और एकजुटता के साथ आगे आने की अपील की।आयोजन समिति की ओर से संत-महात्माओं, बुद्धिजीवियों, माताओं-बहनों तथा
आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि फरवरी 2027 में होने वाले दो दिवसीय संतमत सत्संग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में शिवनंदन यादव, रेजी लाल यादव, डॉ. हरि प्रसाद यादव, देवी लाल यादव, दीना यादव, विजय यादव, अरुण यादव, शिवनारायण यादव, ऐनलाल यादव, जनार्दन यादव, संजय ठाकुर, रामानंद यादव, सदानंद यादव, विकास यादव सहित इस्तिमरार, बकराडांगी एवं बधुवाटोली के सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने सत्संग आयोजन को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया।

















