- विपरीत दिशा से आ रही कार की जोरदार टक्कर से सड़क पर बिखरे बच्चे, अल-गजाली इंटरनेशनल स्कूल के छात्र थे सवार; स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नजरिया न्यूज़,अररिया। विकास प्रकाश।
अररिया-रानीगंज मुख्य मार्ग पर सोमवार को बिजली ऑफिस के समीप एनएच-327ई पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूल जा रहे बच्चों से भरी सिटी रिक्शा (टोटो) में विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो पर सवार बच्चे सड़क पर इधर-उधर गिर पड़े। हादसे में टोटो चालक समेत छह स्कूली बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया। घायलों में टोटो चालक मोहम्मद आबिद सहित तीन बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल 15 वर्षीय मोहम्मद अकरम और एक 10 वर्षीय बच्चे को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया है। अन्य घायलों में सात वर्षीय अबू हमवाद, जोया परवीन, सानिया फिरदौस और मोहम्मद आबिदुल्लाह शामिल हैं।

घायल टोटो चालक मोहम्मद आबिद ने बताया कि वह अपनी साइड से बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही कार ने टोटो में सीधी टक्कर मार दी। बताया जाता है कि टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया।

राजोखर से स्कूल जा रहे थे सभी बच्चे
जानकारी के अनुसार, टोटो पर सवार सभी बच्चे जीरोमाइल कोसी पुल के समीप स्थित अल-गजाली इंटरनेशनल स्कूल के छात्र हैं। सभी बच्चे राजोखर स्थित अपने घर से स्कूल जा रहे थे।

स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही पर उठे सवाल
इस हादसे ने निजी स्कूलों में बच्चों के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर एक सिटी रिक्शा में इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को बैठाकर स्कूल क्यों ले जाया जा रहा था? क्या स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया था? स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही तय करने और बच्चों के परिवहन में सुरक्षित वाहनों के इस्तेमाल की मांग की है। वहीं, पुलिस दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश में जुटी है।

















