नजरिया न्यूज़,अररिया। शहर के चाँदनी चौक से कोर्ट-कचहरी थाना मोड़ (रेणकुंज) तक सड़क के दोनों किनारे नगर परिषद द्वारा लगाई जा रही लोहे की स्थायी बैरिकेडिंग को लेकर दुकानदारों में नाराजगी है। दुकानदारों का कहना है कि बैरिकेडिंग के कारण ग्राहकों को अपनी बाइक व अन्य वाहन दुकानों के सामने खड़ा करने में परेशानी होगी, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसको लेकर दुकान संघ के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने अररिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रदीप कुमार सिंह से हस्तक्षेप कर बैरिकेडिंग हटवाने की मांग की है।
दुकानदारों ने सांसद को दिए आवेदन में बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से दुकानों के सामने सड़क के दोनों किनारों पर लोहे के पिलर और जंजीरनुमा बैरिकेडिंग लगाई जा रही है। उनका कहना है कि चाँदनी चौक से रेणकुंज तक का यह बाजार अररिया शहर की पहचान और प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल है। दशकों से यहां संचालित दुकानों के सामने इस प्रकार की बैरिकेडिंग होने से ग्राहकों को खरीदारी करने में परेशानी होगी और इसका सीधा असर दुकानदारों के रोजगार पर पड़ेगा।
दुकानदारों ने कहा कि दुर्गापूजा सहित कई पर्व-त्योहार सामने हैं। ऐसे समय में बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ती है। बैरिकेडिंग के कारण पार्किंग की समस्या और बढ़ सकती है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए बेतरतीब खड़े रिक्शा, ठेला, टेंपो एवं अन्य वाहनों के लिए उचित पार्किंग अथवा वेंडिंग जोन बनाया जाए।
दुकानदार संघ ने सांसद से प्रशासनिक स्तर पर हस्तक्षेप कर अनावश्यक बैरिकेडिंग को तत्काल हटाने के लिए उचित निर्देश देने की मांग की। इस दौरान संघ के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


















