, सिलीगुड़ी से खेप लाने की बात सामने आई; एसपी ने छापेमारी टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की
नज़रिया न्यूज़ अररिया। मिंटू राय। जिले में जाली भारतीय मुद्रा के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महलगांव थाना क्षेत्र के इसरवा गांव स्थित बरडेंगा कामत में छापेमारी कर पुलिस ने 500 रुपये के 434 जाली नोट, यानी कुल 2 लाख 17 हजार रुपये की नकली करेंसी बरामद की है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। महलगांव थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इसरवा क्षेत्र में जाली भारतीय मुद्रा की खेप पहुंची है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद दो लोग भागने लगे। जवानों ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद पनाउल्लाह उर्फ मोहम्मद पनबुल (36 वर्ष), पिता नजामुद्दीन, निवासी इसरवा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के 434 जाली नोट और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी चौकता पंचायत के एक वार्ड का निर्वाचित सदस्य भी है। इस मामले में महलगांव थाना में कांड संख्या 194/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में अग्रसारित किया जा रहा है।
सिलीगुड़ी से लाई गई थी नकली नोटों की खेप
मामले का खुलासा करते हुए एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी द्वारा जाली नोटों की खेप सिलीगुड़ी से लाने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकली नोट सिलीगुड़ी में कहां से मिले और अररिया तक इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वर्ष 2019 में चोरी के एक मामले में उसकी संलिप्तता बताई गई है, जिसे लेकर महलगांव थाना में कांड संख्या 208/19 दर्ज है।एसपी ने कहा कि जाली नोटों की तस्करी आर्थिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
इस कार्रवाई में महलगांव थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष राजू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रोमा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक प्रेम कुमार, सिपाही रंजीत कुमार और बीएचसी सदानंद यादव शामिल रहे। कार्रवाई की सफलता पर एसपी जितेंद्र कुमार ने पूरी टीम को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देने की घोषणा की है।





















