संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररियापलासी प्रखंड की देहती उत्तर पंचायत के वार्ड संख्या-6 में रतवा नदी का तेज कटाव लगातार बढ़ता जा रहा है। कटाव की चपेट में आने से मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क पर भी खतरा मंडराने लगा है। वहीं नदी के तेज बहाव के कारण रिंग बांध भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो रहा है। स्थिति को लेकर आसपास के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटावरोधी कार्य शुरू नहीं कराया गया तो सड़क के क्षतिग्रस्त होने के साथ आसपास के कई गांवों का आवागमन प्रभावित हो सकता है। अररबारी, कच्चमाह सहित अन्य गांवों के लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।कटाव की स्थिति को देखते हुए वार्ड सदस्य राम प्रसाद पंजियार, ग्रामीण संजय पंजियार, कैलाश पंजियार, संजीव ठाकुर, सुखदेव ठाकुर, राजनंद मंडल एवं समाजसेवी पंकज कुमार भारती प्रशासन से तत्काल कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है।मुखिया राम कृपाल विश्वास ने कहा कि रतवा नदी के कटाव को जल्द नियंत्रित नहीं किया गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी सिकटी विधायक विजय कुमार मंडल को दी गई है। विधायक की ओर से संबंधित विभाग को पत्र भेजकर जल्द बचाव कार्य कराने की बात कही गई है। वहीं अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह को भी मामले से अवगत कराया गया है।इधर, स्थल निरीक्षण के दौरान पलासी के राजस्व पदाधिकारी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक पवन कुमार पंडित ने बताया कि पानी का स्तर कम होने के कारण नदी की धारा का करंट तेज हो गया है। इसी वजह से रिंग बांध पर कटाव का दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि स्थिति की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क और रिंग बांध को बचाने के लिए जल्द से जल्द ठोस कटावरोधी कार्य कराया जाए, ताकि संभावित नुकसान को रोका जा सके और क्षेत्र के लोगों का आवागमन सुचारु बना रहे।