संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया 
पलासी थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धूमगढ़ गांव में छापेमारी कर कुल 29.50 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक महिला को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरी महिला पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गई। 20 सितंबर को गश्ती एवं शराब के विरुद्ध अभियान के दौरान सूचना मिली कि धूमगढ़ (महादेव कोल) वार्ड संख्या-12 में सुनीता देवी और शुकरमनी के घर पर देसी चुलाई शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने दोनों घरों में छापेमारी की।तलाशी के दौरान सुनीता देवी (40) के घर से अलग-अलग डिब्बों में रखा कुल 6.50 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद हुआ। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके पड़ोस में रहने वाली शुकरमनी (45) के घर पुलिस पहुंची तो एक महिला भागने लगी, स्थानीय चौकीदार ने उसकी पहचान शुकरमनी के रूप में की। उसके घर की तलाशी में अलग-अलग गैलनों से कुल 22 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद शराब को जब्त कर थाना मालखाना में सुरक्षित रखा तथा गिरफ्तार सुनीता देवी को महिला पुलिसकर्मी की अभिरक्षा में रखा गया। फरार शुकरमनी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि दोनों महिलाओं के विरुद्ध मद्यनिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








