नजरिया न्यूज। भरगामा।
प्रखंड मुख्यालय स्थित एक नर्सिंग होम और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा का क्या है कनेक्शन?चर्चा पर अगर गौर करें तो सामुदायिक स्वास्थ केंद्र भरगामा में पदस्थापित एक एएनएम अप्रत्यक्ष रूप से नर्सिंग होम को संचालित कर रही है। बताया जाता है कि प्रखंड के प्राइवेट नर्सिंग होम मुस्कान क्लिनिक में जच्चा बच्चा की हुई मौत के बाद सारा राज परत-दर-परत खुलने लगा है। बताया गया कि सही सलामत प्रसव कराने के लिए मुस्कान क्लिनिक में कार्यरत कर्मी के द्वारा रंजू देवी को भर्ती कराया गया था। आरोप है कि सही सलामत प्रसव कराने के लिए मुस्कान क्लिनिक के डॉक्टर विपिन कुमार, नर्स लक्ष्मी कुमारी बिचौलिया जयकिशुन मेहता को डिलीवरी के नाम पर ₹50 हजार दिया गया था। रुपया देने के बावजूद भी रात्रि के लगभग 2 बजे डिलीवरी के दौरान जच्चा बच्चा की मौत मुस्कान क्लिनिक में हो गई, इसके बाद डॉक्टर नर्स एवं बिचौलिया द्वारा आनन-फानन में अपना जान बचाने के लिए भरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सरकारी एंबुलेंस लाकर मृतका रंजू देवी को पूर्णिया के निजी अस्पताल में भेज दिया।
प्रसव के दौरान जच्चा बच्चा की हुई मौत के बाद परिजन महिला के शव को नर्सिंग होम के सामने रखकर हंगामा किया जबकि संचालक, नर्स व स्टाफ नर्सिंग होम बंद कर फरार हो गए। बताया गया कि नर्सिंग होम के अंदर भी अन्य मरीज बंद थे। जिसे प्रशासन व ग्रामीण के सहयोग से बाहर निकाला गया।
जबकि मृतक के परिजन व ग्रामीण नें सुकेला सैफगंज मुख्य सड़क को बांस बल्ला के सहारे जाम कर दिया जिससे दोनों ओर वाहनों की एक घंटे तक लंबी कतार लग गई
मृतका रंजू देवी की पुत्री अनन्या ने बताई कि मेरी मां की मौत मुस्कान क्लिनिक में हीं हो गई थी मगर प्राइवेट क्लीनिक के डॉक्टर विपिन कुमार, नर्स लक्ष्मी कुमारी, बिचौलिया जयकिशुन मेहता ने उसकी मां रंजू देवी को मृत अवस्था में सरकारी एंबुलेंस में चढ़ाकर पूर्णिया भेज दिया। मृतका की पुत्री अनन्या ने चिकित्सक, नर्स एवं बिचौलिया जयकिशुन मेहता पर इलाज के नाम पर ₹50 हजार लेने का आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भरगामा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों एवं परिजनों को समझा बूझकर मृतका रंजू देवी के शव परिजनों को सौंप कर काफी मशक्कत के बाद सुकेला सैफगंज मुख्य मार्ग पर लगे जाम को हटाया।
क्या कहते हैं मृतका के पति:- मृतका के पति बुन्देल ततमा ने बताया डॉ विपिन कुमार एवं नर्स लक्ष्मी कुमारी द्वारा चलाए जा रहे नर्सिंग होम में किसी भी तरह की सुविधा नहीं है। सुविधा के नाम पर अवैध उगाही की जाती है। जबकि नर्स लक्ष्मी कुमारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा में पदस्थापित है। वहीं से यह प्रसव कराने आई महिला को बेहतर प्रसव कराने का झांसा देकर मुस्कान नर्सिंग होम में नॉर्मल डिलीवरी कराने की सलाह देती है। इस गोरख धंधे में कई और बिचौलिया शामिल है।
क्या कहते हैं चिकित्सा प्रभारी सुनील कुमार:- घटना के बाबत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा के चिकित्सा प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मुस्कान नर्सिंग होम डॉक्टर विपिन कुमार एवं उनकी पत्नी एएनएम लक्ष्मी कुमारी के द्वारा संचालित किया जाता है कई बार संचालक को रजिस्ट्रेशन के सारे कागजात दिखाने के निर्देश दिए गए लेकिन कभी भी रजिस्ट्रेशन से जुड़े कागजात नहीं दिखाए गए। जबकि एएनएम लक्ष्मी कुमारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा में पदस्थापित है।
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष :- घटना के संबंध में भरगामा थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया पीड़ित परिवार के द्वारा कोई भी आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद नर्सिंग होम के डॉक्टर एवं नर्स के ऊपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






















