संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया 
पलासी प्रखंड पलासी के प्राथमिक विद्यालय, भट्टाबाड़ी हरिजन टोला में विद्यालय शिक्षा समिति के द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ऐसा आयोजन विद्यालय में पहली बार किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ महान शिक्षाविद् एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. राधाकृष्णन को नमन करते हुए शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के
प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद साह ने कहा कि बच्चों द्वारा दिया गया सम्मान शिक्षकों के लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा, “बच्चे हमें जो सम्मान देते हैं, वह हमारे लिए बहुत बड़ा है। वास्तव में बच्चे बड़े हैं, हम बड़े नहीं। इस सम्मान की सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब हम अपने बच्चों को जीवन में सफल और कामयाब होते देखेंगे।” उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को पढ़ाने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनके भविष्य निर्माण की दिशा में भी निरंतर कार्य करते हैं।इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बारी-बारी से अपने विचार रखे तथा बच्चों को मेहनत, अनुशासन, संस्कार और शिक्षा के महत्व के बारे में प्रेरित किया। शिक्षकों की प्रेरक बातों ने उपस्थित बच्चों एवं ग्रामीणों को काफी प्रभावित किया।विद्यालय शिक्षा समिति द्वारा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद साह को ‘बेस्ट शिक्षक अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षक मोहम्मद इकरामुल हक, फरीदा खातून, सीमा देवी, बिंदु भारती एवं रेखा देवी को भी सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में छात्र-छात्राओं ने भी अपने शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रति आभार एवं सम्मान व्यक्त किया।विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में इस तरह का भव्य शिक्षक सम्मान समारोह पहली बार आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम से विद्यालय और ग्रामीण समुदाय के बीच जुड़ाव मजबूत होता है तथा बच्चों में शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक विकसित होती है।कार्यक्रम में मोतीलाल जी, शिवम सदा सहित कई ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। विद्यालय शिक्षा समिति की ओर से उपस्थित सदस्यों के लिए लंच की व्यवस्था की गई, जबकि बच्चों के बीच मिठाइयां भी वितरित की गईं।समारोह के दौरान शिक्षक, बच्चे, विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य एवं ग्रामीण सभी काफी उत्साहित नजर आए। विद्यालय शिक्षा समिति द्वारा आयोजित यह शिक्षक सम्मान समारोह विद्यालय में शिक्षा, सम्मान, संस्कार और सामुदायिक सहभागिता की एक प्रेरणादायी मिसाल बन गया।







