संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज पलासी, अररिया में शनिवार, 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन धूमधाम एवं गरिमापूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह एवं बर्सर डॉ. अवनीश कुमार सुमन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।समारोह के दौरान कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर मेकिंग, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मानसी कुमारी, नेहा कुमारी, प्रीति, काजल एवं रवीना को प्राचार्य एवं बर्सर द्वारा पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम का मंच संचालन समाजशास्त्र के असिस्टेंट प्रोफेसर सोना राज सुधांशु एवं अंग्रेजी की असिस्टेंट प्रोफेसर फरीहा सबाने ने किया। दोनों ने प्रभावी ढंग से कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए समारोह को आकर्षक बनाए रखा।शिक्षक दिवस के अवसर पर कॉलेज के शिक्षक एवं प्रशासनिक स्टाफ को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर जरीन सुल्ताना एवं मनीष कुमार, अर्थशास्त्र की असिस्टेंट प्रोफेसर कनीज़ फातिमा, इतिहास के असिस्टेंट प्रोफेसर अभिनव भारती, प्रशासनिक विभाग के आलोक कुमार तथा डाला हाई स्कूल से विशेष रूप से उपस्थित अभिषेक भारती को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।समारोह में कॉलेज के शिक्षक, प्रशासनिक कर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं प्रबुद्ध नागरिक भी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ लेकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इसके साथ ही शिक्षक दिवस का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है







