संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी प्रखंड मुख्यालय स्थित मां काली मंदिर परिसर में शुक्रवार की शाम मां दुर्गा की पूजा के अवसर पर भव्य रंगोली निर्माण एवं 2500 दीप प्रज्वलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दीपों की सुनहरी आभा और आकर्षक रंगोलियों की सुंदरता ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरे मंदिर परिसर में
उत्साह, उमंग और भक्ति का माहौल देखने को मिला।समारोह के दौरान मंदिर परिसर को दीपों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण रोशनी से नहा उठा। वहीं, विभिन्न रंगों से बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने आयोजन की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। दीपों की जगमगाहट और रंगोली की मनमोहक छटा को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा। धार्मिक आयोजन के कारण मंदिर परिसर में देर शाम तक भक्तिमय माहौल बना रहा।इस अवसर पर मंदिर अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख सदानंद यादव, पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, मंदिर के कोषाध्यक्ष शंकर प्रसाद भगत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने
आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।आयोजन का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखना और लोगों के बीच सामाजिक एकता का संदेश देना रहा। 2500 दीपों की रोशनी से जगमगाता मंदिर परिसर और रंगोलियों की मनमोहक छटा ने मां दुर्गा की पूजा के अवसर पर पर्व की रौनक को और बढ़ा दिया।




















