- स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत 31 अक्टूबर तक चलेगा कार्यक्रम, लोगों को स्वच्छता और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने के प्रति किया जा रहा जागरूक
नजरिया न्यूज़, अररिया। स्वच्छता का विशेष अभियान 6.0 के तहत शुक्रवार, 16 अक्टूबर को 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), अररिया की ओर से अररिया कोर्ट रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कमांडेंट श्री मितुल कुमार के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान एसएसबी के जवानों ने रेलवे प्लेटफॉर्म और ऑटो रिक्शा पड़ाव की साफ-सफाई की तथा आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर कमांडेंट मितुल कुमार ने बताया कि स्वच्छता का विशेष अभियान 6.0 के तहत अररिया और सीमावर्ती क्षेत्रों में 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक लगातार स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना और आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक परिवहन केंद्रों, प्रमुख सड़कों, पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई की जा रही है। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच भी स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बच्चों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की आदत विकसित हो सके।
कमांडेंट ने लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने घर, गांव तथा शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करें। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक कनवर लाल, उप निरीक्षक सुरेंदर कुमार सहित अन्य एसएसबी कर्मी उपस्थित रहे।



















