- जल संसाधन विभाग ने किया निरीक्षण; होगी कड़ी कार्रवाई
नजरिया न्यूज़, फारबिसगंज/अररिया। नरेश कुमार मंडल।
ग्रामीण कार्य विभाग की लापरवाही और मनमानी का एक गंभीर मामला सामने आया है। डुमरिया कैनाल स्थित टप्पू टोला के पास ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा सड़क निर्माण के दौरान नहर के मुख्य चैनल को ही ध्वस्त कर दिया गया। नहर क्षतिग्रस्त होने से किसानों के खेतों तक पानी पहुँचने पर संकट गहरा गया है। मामला उजागर होते ही जल संसाधन विभाग में हड़कंप मच गया है।
सम्पूर्ण भारत के खबर प्रकाशन के बाद मंगलवार को जल संसाधन विभाग की टीम ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचकर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण में उजागर हुई गड़बड़ी
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि सड़क निर्माण के क्रम में ठेकेदार और संबंधित विभाग द्वारा बिना किसी पूर्व अनुमति या तकनीकी समन्वय के नहर के बहते चैनल को नुकसान पहुँचाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार चैनल ध्वस्त किए जाने से सिंचाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होगी और जलभराव या कटाव का खतरा भी बढ़ गया है।
”नहर के ढांचे के साथ खिलवाड़ पूरी तरह गैर-कानूनी है। बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) और बिना तकनीकी सलाह के चैनल को तोड़ा गया है। जल संसाधन विभाग के निरक्षण करने आये जई राणा यादव ने कहा इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। दोषी पाए जाने वाले ठेकेदार और संबंधित ग्रामीण कार्य विभाग के कर्मियों पर सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।”
स्थानीय किसानों का कहना है कि यह नहर उनके खेतों की सिंचाई का मुख्य जरिया है। सड़क बनने की खुशी तो है, लेकिन बिना सोचे-समझे नहर के चैनल को नष्ट कर देने से आने वाले दिनों में फसलों को पानी मिलना मुश्किल हो जाएगा। ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग से मांग की है कि सड़क के साथ-साथ क्षतिग्रस्त नहर चैनल को तुरंत दुरुस्त कराया जाए, ताकि सिंचाई में कोई बाधा न आए।



















