संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना क्षेत्र के सुहागपुर गांव में मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में अमगाछी निवासी हेमंती देवी ने छह नामजद आरोपितों सहित 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना 10 अक्टूबर 2026 की शाम करीब पांच बजे की बताई गई है।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, हेमंती देवी ने आरोप लगाया है कि सुहागपुर स्थित उनके दरवाजे पर आरोपितों ने पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसी दौरान लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी बाबली देवी के साथ भी मारपीट की गई। आरोपितों ने उनके कपड़े फाड़कर उन्हें अर्धनग्न कर दिया तथा गले से छह भर चांदी की चेन छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है।प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके छोटे लड़के के साथ भी लाठी-डंडे से मारपीट की गई, जिससे उसके शरीर पर चोटें आईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घायलों को पलासी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज में व्यस्त रहने के कारण आवेदन देने में विलंब होने की बात भी प्राथमिकी में कही गई है।इस मामले में धुरण लाल साह, सदानंद साह, मंगला साह, ममता देवी, नीतू देवी और फागु साह सहित अन्य अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
















