संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना क्षेत्र के ककोड़वा निवासी मो. काशिम ने जमीन की धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने के प्रयास का आरोप लगाते हुए 19 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने 12 अक्टूबर 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मो. काशिम का दावा है कि उनके पिता स्व. शेख फुलाई के नाम से मौजा डेहटी स्थित आरएस खाता संख्या 1505, खेसरा संख्या 4627, रकबा 0.44 डिसमिल जमीन खतियान में दर्ज है। उनके अनुसार, पिता की मृत्यु के बाद से परिवार उक्त जमीन पर जोत-आबाद करता आ रहा है तथा वर्ष 2026-27 तक लगान रसीद भी कटाई गई है।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि राजकुमार विश्वास सहित अन्य लोगों ने कथित रूप से जालसाजी कर उक्त जमीन का केवाला निबंधन करा लिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि केवाला में खाता संख्या 216 के साथ खेसरा संख्या 4627 दर्ज है, जबकि उनके दावे के अनुसार यह खेसरा संख्या 1505 खाता से संबंधित है। उन्होंने आरोप लगाया कि दस्तावेज में ओवरराइटिंग कर खेसरा संख्या में बदलाव किया गया है। इस संबंध में अभिलेखागार से प्राप्त दस्तावेजों को भी साक्ष्य के रूप में संलग्न करने की बात कही गई है।प्राथमिकी में राजकुमार विश्वास, अशोक विश्वास, अर्जुन विश्वास, अरुण विश्वास, कुंदन विश्वास, भविश, चंदन कुमार विश्वास, रंजन विश्वास, प्रेमचंद विश्वास, संजय कुमार विश्वास, मोनिका देवी, वंदना देवी सहित कुल 19 लोगों को नामजद किया गया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमीन की खरीद-बिक्री में भी भूमिका निभाई।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त जमीन पर जोत-आबाद करने के दौरान पहले भी शिकायतकर्ता के पुत्र और भतीजे के साथ मारपीट की गई थी, जिसको लेकर पलासी थाना में पूर्व में मामला दर्ज कराया गया था।पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 421/26 दर्ज किया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340 के तहत कार्रवाई का उल्लेख है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। आरोपों की सत्यता जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
















