- नजरिया न्यूज, अररिया।
शारदीय दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय अररिया में आध्यात्मिक साधना का विशेष आयोजन होने जा रहा है।
रामाश्रम सत्संग मथुरा, उपकेन्द्र अररिया के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नौ दिवसीय आंतरिक सत्संग साधना शिविर का आयोजन किया गया है।
यह शिविर आगामी 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। शिविर का स्थान शहर के चित्रगुप्त नगर वार्ड नंबर-21 स्थित श्याम निवास है, जो आचार्य श्री विनोद प्रसाद (अधिवक्ता) का आवास है। इस स्थान को सत्संग दरबार के नाम से भी जाना जाता है।
आयोजन समिति से जुड़े अधिवक्ता विनीत प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रि के दौरान होने वाले इस शिविर में आत्म-शुद्धि और ईश्वर से जुड़ाव पर विशेष जोर दिया जाएगा। शिविर में प्रतिदिन दो सत्र आयोजित होंगे। प्रातःकालीन सत्र सुबह 8:30 बजे से और संध्या सत्र शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। प्रत्येक सत्र एक घंटे का होगा, जिसमें भजन, प्रार्थना, ध्यान और प्रसाद अर्पण की व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने बताया कि इस साधना शिविर का उद्देश्य लोगों में शांति, सद्भाव और अध्यात्म के प्रति जागरूकता लाना है। इच्छुक सत्संग प्रेमी व श्रद्धालु शिविर में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर के अंतिम दिन 19 अक्टूबर को प्रातः सत्र के समापन पर सत्संग की आरती के पश्चात महाप्रसाद (भंडारा) की व्यवस्था की गई है।





















