जोकीहाट/अररिया।
अररिया सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने शनिवार को जोकीहाट थाना का निरीक्षण कर लंबित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न कांडों में चल रही जांच और अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली।
एसडीपीओ ने सभी लंबित कांडों की बारी-बारी से समीक्षा करते हुए अनुसंधानकर्ताओं से मामलों की वर्तमान स्थिति, आरोपितों की गिरफ्तारी तथा साक्ष्य संकलन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने और सभी कानूनी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने कहा कि अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच करते हुए मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाए। उन्होंने गंभीर मामलों पर विशेष नजर रखने तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस संबंध में जोकीहाट थाना प्रभारी राजीव कुमार झा ने बताया कि एसडीपीओ ने लंबित मामलों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस टीम वरीय अधिकारियों के निर्देश के अनुसार लगातार कार्य कर रही है।
















