संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी अररिया पलासी संतान की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना को लेकर मनाए जाने वाले जिउतिया पर्व पर शनिवार को पलासी प्रखंड क्षेत्र में कई स्थानों पर मेले का आयोजन किया गया। कानखुदिया के काली चौक, छप्पनिया के लॉकडाउन चौक तथा हसनपुर के गिरा गाछ में लगे मेले को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया।जिउतिया पर्व के अवसर पर महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान जीमूतवाहन की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने अपने संतान की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की। पर्व को लेकर सुबह से ही विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।मिथिलांचल क्षेत्र में जिउतिया पर्व के अवसर पर मेला लगाने की पुरानी परंपरा रही है। मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। बच्चों और युवाओं में भी मेले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
वहीं, छप्पनिया स्थित लॉकडाउन चौक पर शनिवार की रात सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन में सेंटी कुमार यादव, धीरज कुमार, सुधीर कुमार सहित अन्य लोग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। रात में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने के लिए आसपास के गांवों से लोगों के पहुंचने की संभावना है।
















