नजरिया न्यूज़,रानीगंज, अररिया। रानीगंज-अररिया मार्ग स्थित खरहट टोल टैक्स के समीप दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक से शराब लूट मामले में रानीगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध रानीगंज थाना कांड संख्या 336/26 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गौरव कुमार, पिता विनोद विश्वास, रोहित कुमार, पिता मुन्ना विश्वास, प्रबोध विश्वास, पिता लक्ष्मण विश्वास तथा रुपेश कुमार विश्वास, पिता कमल विश्वास, सभी निवासी खरहट, थाना रानीगंज, जिला अररिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मामले में 7.500 लीटर शराब बरामद की गई है। बरामद शराब में डिमियम एडी-एएस शामिल बताया गया है।
बताया जाता है कि खरहट टोल टैक्स के समीप शराब लदी मिनी ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कुछ लोगों द्वारा शराब की बोतलें लूट ली गई थीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर लोगों की पहचान शुरू की। इसी क्रम में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। शराब तस्करी एवं लूट की घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
















