नजरिया न्यूज़, जोगबनी, अररिया। राकेश कुमार। ज़ेनिथ पब्लिक स्कूल , जोगबनी में आयोजित कविता खान मेमोरियल इंटर स्कूल क्विज प्रतियोगिता 2026 का शानदार आगाज हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, मिथिला पब्लिक स्कूल फारबिसगंज के निदेशक विकास मिश्रा, सिबतैंन मेमोरियल करियर गाइड एकेडमी के प्राचार्य सिबतैंन अहमद तथा जेनिथ पब्लिक स्कूल की दिवंगत प्राचार्या कविता खान के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
प्रतियोगिता का आरम्भ ज़ेनिथ पब्लिक स्कूल की छात्राओं के द्वारा स्वागत गान से किया गया.
प्रतियोगिता में अररिया जिले के विभिन्न प्रमुख एवं CBSE से मान्यता प्राप्त विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें मिथिला पब्लिक स्कूल फारबिसगंज, IHHS बथनाहा, ज़ेनिथ पब्लिक स्कूल जोगबनी, शिशु भारती स्कूल फारबिसगंज, पाठशाला फारबिसगंज, ज्ञान निकेतन स्कूल फारबिसगंज, पाई वर्ल्ड स्कूल फारबिसगंज, जे.पी. मेमोरियल स्कूल फारबिसगंज, न्यू इबनेजर पब्लिक स्कूल फारबिसगंज, अल फैज एकेडमी नरपतगंज, आर्या मिशन स्कूल फारबिसगंज, सिबतैंन मेमोरियल करियर गाइड एकेडमी अररिया, अररिया पब्लिक स्कूल, स्काटिकस पब्लिक स्कूल, मोहिनी देवी स्कूल, अस शाबिल स्कूल तथा स्टार ग्लोबल स्कूल अररिया शामिल रहे।
क्विज प्रतियोगिता को तीन चरणों में आयोजित किया गया। पहले राउंड में सभी 17 विद्यालयों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले 12 विद्यालयों ने दूसरे राउंड में प्रवेश किया। दूसरे चरण में कड़े मुकाबले के बाद छह श्रेष्ठ विद्यालय फाइनल राउंड में पहुंचे।
अंतिम चरण का मुख्य आकर्षण बज़र राउंड और रैपिड फायर राउंड था.
अंतिम चरण में विद्यार्थियों के बीच सामान्य ज्ञान, विज्ञान, इतिहास, समसामयिक विषयों सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। अंतिम परिणाम में मिथिला पब्लिक स्कूल, फारबिसगंज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। सिबतैंन अहमद मेमोरियल करियर गाइड एकेडमी, अररिया दूसरे स्थान पर रही, जबकि ज़ेनिथ पब्लिक स्कूल , जोगबनी ने तीसरा स्थान हासिल किया। तीनों शीर्ष विद्यालयों के बीच मुकाबला इतना कांटे का रहा कि जीत का अंतर महज एक-दो अंकों का रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक जाकिर हुसैन खान ने विजेता विद्यालयों को पुरस्कार प्रदान किए। जोगबनी योगा ग्रुप और सामाजिक कार्यकर्ता और जोगबनी की सम्मानित महिला श्रीमती माला मिश्रा को विशेष रूप से मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र तथा सभी प्रतिभागी विद्यालयों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ज़ेनिथ पब्लिक स्कूल के एंकर एवं कोऑर्डिनेटर राजू झा, अनुराग थापा और अलका तमांग को बेस्ट होस्टिंग के लिए सम्मानित किया गया। वहीं जज सुनीता बनर्जी एवं डी.एन. विश्वास सहित डिजिटल एवं तकनीकी व्यवस्था में सहयोग करने वाले आशीष रंजन, विपिन चौधरी, सूर्या और अरमान को बेस्ट डिजिटल सर्विस के लिए मोमेंटो प्रदान किया गया। इसके अलावा विवेक गुप्ता, इरफान अली, गणेश ठाकुर सहित अन्य सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ज़ेनिथ पब्लिक स्कूल के निदेशक खुर्शीद खान ने कहा कि कविता खान केवल एक विद्यालय की प्राचार्या नहीं थीं, बल्कि शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व थीं। उनके शैक्षिक विचारों और सेवा-भाव को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि इस क्विज प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान, तर्कशक्ति, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।
मुख्य अतिथि जाकिर हुसैन खान ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को किताबों के ज्ञान से आगे बढ़कर देश-दुनिया को समझने का अवसर देती हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयास की सराहना की तथा कहा कि सीमांचल के प्रतिभावान बच्चों को ऐसे मंच लगातार मिलते रहने चाहिए।
अंत में आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों, विद्यालयों, प्रतिभागी विद्यार्थियों, निर्णायकों, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों के बीच ज्ञान, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का एक प्रेरणादायी वातावरण तैयार किया।
अररिया – मानव तस्करी का ट्रांजिट रूट बनता जा रहा सीमांचल
विशेष स्टोरी नजरिया न्यूज़, अररिया। सीमांचल के अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार समेत आसपास के इलाकों में मानव तस्करी का...

















