संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना क्षेत्र के कालियागंज पंचायत के वार्ड संख्या-05 में खौलती चाय फेंककर हमला करने, चाकू से वार करने तथा सोने की चेन छीनने के आरोप में पलासी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।घटना को लेकर कालियागंज पंचायत के वार्ड संख्या-05 निवासी शिवकुमार साह के आवेदन पर पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दर्ज आवेदन में पीड़ित ने बताया कि मंगलवार की शाम करीब सात बजे पारस सिंह की चाय दुकान स्थित रैन बसेरा में चाय पीने पहुंचे थे। चाय मांगने पर दुकानदार पारस कुमार सिंह ने पहले पैसे देने की बात कही। इसी दौरान दोनों के बीच कहा सुनी हो गई। आरोप है कि पारस कुमार सिंह ने गाली-गलौज करते हुए खौलती चाय उनके शरीर पर फेंक दी, जिससे वे झुलस गए।
पीड़ित का आरोप है कि शोर मचाने पर बंगरू सिंह और गंगू सिंह भी मौके पर पहुंच गए और चाकू से हमला करते हुए मारपीट की। इस दौरान गंगू सिंह ने गले से सोने की चेन छीन लिया घटना के बाद घायल ने पलासी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पारस कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया मामले के अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।




















