समस्तीपुर/दलसिंहसराय (राज कुमार सिंह)
विजुअल आर्ट फाउंडेशन एवं कला संस्कृति विभाग, समस्तीपुर के सौजन्य से आयोजित सात दिवसीय समर आर्ट कैंप–2026 का शुभारंभ रविवार को स्थानीय शहर के हीरालाल साह धर्मशाला में मुख्य अतिथियों के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उक्त अवसर पर कला संस्कृति विभाग, समस्तीपुर की जूही कुमारी, संत स्टीफेंस स्कूल के निदेशक जगदीश सिंह, खाद्यान व्यवसायी संघ के अध्यक्ष सुधीर चौधरी, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष चंदन प्रसाद, अधिवक्ता विनोद कुमार समीर, समाजसेवी मगन लाल साह तथा केराई पंचायत के मुखिया चंद्रमनी सिंह ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर कार्यशाला का शुभारंभ किया।
कार्यशाला में आगत अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
सात दिवसीय इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को चित्रकला, मूर्तिकला, कथक नृत्य एवं अभिनय का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं कला प्रेमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में आगत अतिथियों को संस्था के पदाधिकारियों के द्वारा चादर, पाग व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
विजुअल आर्ट फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य क्षेत्र की उभरती प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा उनमें कला के प्रति रुचि और रचनात्मक सोच का विकास करना है।
मौके पर कार्यक्रम में फाउंडेशन के अध्यक्ष उत्सव जायसवाल, महासचिव मोo सुलेमान, कोषाध्यक्ष डॉ० संजीव प्रकाश, उपाध्यक्ष संतोष कुमार, संरक्षक रत्नेश कुमार, उपकोषाध्यक्ष चन्दन जायसवाल, सचिव सज्जन कुमार, समाजसेवी मनीष वर्णवाल , व्यवस्थापक जिगर गुप्ता , मोती कुमार, मीडिया प्रभारी शैलेश कुमार, सदस्य सपन जी, जहांगीर आलम सहित पंकज कुमार, रौशन झा, कथक कलाकार लक्ष्मण कुमार कुमार सहित सैकड़ों छात्र छात्राएं मौजूद थे।






















