किशनगंज -अधिकार और कर्तव्य की याद दिलाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में संविधान दिवस कार्यक्रम का किया गया आयोजन
वीरेंद्र चौहान, नजरिया न्यूज ब्यूरो, 26नवंबर।
*
ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार एवं ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार से प्राप्त निदेश के आलोक में जिला के सभी अमृत सरोवरों पर दिनांक 26.11.2024 को संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा इस कार्यक्रम में भारतीय संविधान के प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी किया गया। जिला अन्तर्गत अवस्थित सभी अमृत सरोवरों पर आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं भारी संख्या में ग्रामीण तथा पदाधिकारी एवं कर्मी सम्मिलित थे। इस अवसर पर स्पर्श गुप्ता, भा0प्र0से0, उप विकास आयुक्त, किशनगंज द्वारा ग्राम पंचायत-हालामाला अन्तर्गत अवस्थित अमृत सरोवर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया गया तथा संविधान के प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। उप विकास आयुक्त, किशनगंज द्वारा इस अवसर पर उपस्थित सभी नागरिकगण को अवगत कराया गया कि कि 26 नवम्बर 1949 को हमारे देश ने संविधान को अपनाया तथा इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य भारतीय संविधान के प्रति लोगो में जागरूकता फैलाना है। यह दिन हमें यह याद दिलाता है कि संविधान हमारे देश की नींव है और यह हमारे अधिकारों और कर्तव्यों को निर्धारित करता है। उप विकास आयुक्त, किशनगंज द्वारा भारतीय संविधान में नागरिकों के लिए उल्लेखित कर्तवयों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। उक्त समारोह में उप विकास आयुक्त, किशनगंज के साथ-साथ जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा, कार्यक्रम पदाधिकारी, किशनगंज, मुखिया, ग्राम पंचायत-हालामाला, स्थानीय पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्यगण एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं भारी संख्या में ग्रामीण तथा छात्र-छात्राएं भी उपस्थित थे।























