- सहरसा में भाकपा का 20वां जिला सम्मेलन आयोजित, परमानंद ठाकुर सर्वसम्मति से फिर चुने गए जिला सचिव; दिसंबर में बिहारभर में जेल भरो आंदोलन का ऐलान
नजरिया न्यूज़, सहरसा। विकास कुमार।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड डी. राजा एवं पार्टी के बिहार राज्य सचिव कामरेड रामनरेश पांडेय 20 नवंबर को सहरसा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला कार्यालय शहीद जयप्रकाश भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन से पूर्व डी. राजा ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर डी. राजा ने कहा कि आज देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौतियां हैं। संविधान की रक्षा केवल बाबा साहेब की प्रतिमा पर फूल चढ़ाने से नहीं होगी, बल्कि उनके विचारों और उनके द्वारा निर्मित संविधान की रक्षा के लिए जनता को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की अदालत सबसे बड़ी अदालत होती है। आज संविधान, लोकतंत्र, संघीय ढांचे, गंगा-जमुनी संस्कृति और साझा विरासत को बचाने की जरूरत है।
बाबू वीर कुंवर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने बलिदान देकर देश को आजादी दिलाई थी, लेकिन आजादी के मूल्यों और विरासत को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। इसे बचाने के लिए जनआंदोलन जरूरी है।
जिला कार्यालय का उद्घाटन करते हुए डी. राजा ने कहा कि किसी भी क्रांतिकारी राजनीतिक दल के लिए अपना कार्यालय होना जरूरी है। यह कार्यालय सहरसा जिले के शोषित, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों के लिए साल के 365 दिन और 24 घंटे खुला रहेगा। कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर यहां आ सकता है। पार्टी के कार्यकर्ता उनके समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। इससे अमीर और अमीर तथा गरीब और गरीब होते जा रहे हैं।
संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए वर्तमान व्यवस्था में बदलाव जरूरी है। उन्होंने घोषणा की कि 1, 2 और 3 दिसंबर को पूरे बिहार में जेल भरो आंदोलन चलाया जाएगा।
इसके बाद संध्या में पूजा रिसोर्ट, सहरसा में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का 20वां जिला सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्घाटन पार्टी के राज्य सचिव कामरेड रामनरेश पांडेय ने किया। उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में अपराध चरम पर है और आम जनता, किसान, मजदूर, छात्र एवं युवा परेशान हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित लाभ नहीं मिल रहा है, मजदूरों को उनका अधिकार नहीं मिल रहा है तथा युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत कर जिले के प्रत्येक क्षेत्र में विस्तार करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं प्रभारी ओमप्रकाश नारायण ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी किसान, मजदूर, महिला, छात्र और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से लोगों के मताधिकार को प्रभावित करने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, जिसका पार्टी पुरजोर विरोध करेगी।
सम्मेलन में पर्यवेक्षक के रूप में राष्ट्रीय परिषद सदस्य मिथिलेश झा उपस्थित रहे। जिला सचिव परमानंद ठाकुर ने राजनीतिक, सांगठनिक एवं कार्य प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे व्यापक चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित किया गया। सम्मेलन में 52 सदस्यीय जिला परिषद का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से परमानंद ठाकुर को पुनः भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का जिला सचिव चुना गया।
सम्मेलन की अध्यक्षता तीन सदस्यीय अध्यक्ष मंडली खड़ा आनंद ठाकुर, विजय कुमार यादव एवं राजकुमार चौधरी ने की। मौके पर उमेश पोद्दार, प्रभु लाल दास, मोहम्मद जाकिर, शंकर कुमार, भवेश यादव, अरुण कुमार सिंह, रामविलास साह, रामविलास सादा, उमेश चौधरी, अमर कुमार पप्पू, सुरेश साह, सीताराम सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।






















