- एसएसबी की विशेष नाका कार्रवाई में एक मोटरसाइकिल भी जब्त, बेला बाजार से खेप लेकर नेपाल जा रहा था आरोपी
सम्पूर्ण भारत,
नरपतगंज(अररिया)। रंजीत ठाकुर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बथनाहा के जवानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19.18 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
एसएसबी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के बीओपी बेला के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 198/2 के समीप भारतीय क्षेत्र के बेला गांव, वार्ड संख्या सात में विशेष नाका अभियान चलाया। विश्वस्त सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर सहायक उपनिरीक्षक के नेतृत्व में चार जवानों की टीम को तैनात किया गया था।
इसी दौरान बेला बाजार की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक नेपाल की तरफ जाता दिखाई दिया। जवानों ने संदेह के आधार पर उसे रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक में लिपटा चिपचिपा पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर मादक पदार्थ जांच किट से परीक्षण करने पर उसके ब्राउन शुगर होने की पुष्टि हुई। बरामद पदार्थ का कुल वजन प्लास्टिक सहित 19.18 ग्राम पाया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान नेपाल के सुनसरी जिला अंतर्गत लौकही थाना क्षेत्र के भोखरा नरसिंह निवासी रामप्रीत मंडल के 21 वर्षीय पुत्र सुरेन कुमार मंडल के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कैरियर के रूप में काम करता था। बेला बाजार में एक अज्ञात व्यक्ति से ब्राउन शुगर की खेप लेकर नेपाल के भोखरा नरसिंह में किसी अज्ञात व्यक्ति को पहुंचाने जा रहा था।
एसएसबी जवानों ने बरामद ब्राउन शुगर और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी सहित जब्त सामग्री को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए बसमतिया थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एसएसबी द्वारा लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
बसमतिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा स्मैक के साथ गिरफ्तार नेपाली नागरिक का कागजी प्रक्रिया पूरी कर आज रविवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है। वहीं अन्य तस्करों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






















