- गोदाम का शेड उड़ने से बारिश में बर्बाद हुआ था खाद-बीज और दवाइयों का स्टॉक, सेल्वेज कंपनी ने 3.25 लाख में उठाया खराब माल।
नजरिया न्यूज (जोकीहाट) । अल्लामा गजाली । अररिया आंधी-तूफान में दुकान और गोदाम का शेड उड़ने से बर्बाद हुए खाद-बीज के स्टॉक का बीमा क्लेम पाने के लिए एक कारोबारी पिछले आठ महीने से बैंक और बीमा कंपनी के कार्यालयों का चक्कर लगा रहा है। इसके बावजूद अब तक क्लेम का भुगतान नहीं होने से कारोबारी परेशान है। मामला जोकीहाट थाना क्षेत्र के गम्हरिया हाट स्थित न्यू स्कीम फर्टिलाइजर के प्रोपराइटर हिफजुर्रहमान का है।
हिफजुर्रहमान के मुताबिक, 25 अप्रैल 2026 की रात तेज आंधी-तूफान में उनकी दुकान और गोदाम के तीन शेड उड़ गए थे। इसके बाद हुई बारिश में गोदाम में रखे यूरिया, पोटाश, डीएपी, धान, गेहूं व मक्का के बीज सहित अन्य कृषि सामग्री भीगकर खराब हो गई। उन्होंने करीब 84 लाख रुपए के स्टॉक के नुकसान का दावा करते हुए बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी से क्लेम मांगा। उनका कहना है कि दुकान और गोदाम का बीमा एचडीएफसी बैंक के माध्यम से कराया गया था। दोनों पॉलिसियों में क्रमश: 90 लाख और 60 लाख रुपए का रिस्क कवर था।
कारोबारी ने बताया कि घटना के बाद जोकीहाट थाना में सनहा संख्या 104/26, को दर्ज कराया गया। इसके बाद एचडीएफसी बैंक और बीमा कंपनी को लिखित शिकायत दी गई। जांच के लिए तीन बार सर्वेयर भी पहुंचे और क्षतिग्रस्त सामान का सर्वे किया। इसके बाद बीमा कंपनी की ओर से सेल्वेज कंपनी को भेजकर खराब माल का उठाव कराया गया। कारोबारी का दावा है कि करीब 84 लाख रुपए के क्षतिग्रस्त सामान के बदले सेल्वेज कंपनी ने महज 3 लाख 25 हजार 270 रुपए दिए। माल उठाव से संबंधित बिल और रिसीविंग भी उनके पास मौजूद हैं।
हिफजुर्रहमान का कहना है कि उन्होंने बीमा कंपनी को नुकसान और डिस्पोज किए गए सामान का पूरा ब्योरा दिया है, लेकिन आठ महीने बीतने के बाद भी क्लेम का भुगतान नहीं हुआ। इस दौरान कभी पटना, कभी पूर्णिया स्थित रीजनल कार्यालय तो कभी एचडीएफसी बैंक का चक्कर लगाना पड़ रहा है। वहीं, बैंक से करीब एक करोड़ रुपए का कर्ज चल रहा है, जिस पर लगातार ब्याज का बोझ बढ़ रहा है। कारोबारी ने कहा कि क्लेम नहीं मिलने से उनका कारोबार प्रभावित हो गया है और परिवार भी आर्थिक संकट से गुजर रहा है।
उन्होंने बीमा कंपनी से जल्द क्लेम सेटलमेंट करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कंपनी क्लेम देने में असमर्थ है तो सेल्वेज कंपनी द्वारा उठाया गया उनका पूरा सामान वापस किया जाए। कारोबारी ने कहा कि आठ महीने से कार्यालयों का चक्कर लगाते-लगाते वह मानसिक और आर्थिक रूप से टूट चुके हैं। अब उन्हें समझ नहीं आ रहा कि बैंक का कर्ज और ब्याज कैसे चुकाएंगे।






















