- रखरखाव के अभाव में बंद पड़ीं लाइटें, रात में आवागमन करने में ग्रामीणों को हो रही परेशानी
नजरिया न्यूज़,
भरगामा (अररिया)। जीतू दास।
भरगामा प्रखंड क्षेत्र की पैकपार पंचायत में ग्रामीणों को रात के समय रोशनी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकारी राशि से लगाई गई सोलर स्ट्रीट लाइटें अब महज शोपीस बनकर रह गई हैं। पंचायत के विभिन्न स्थानों पर लगी कई सोलर लाइटें पिछले कई महीनों से खराब पड़ी हैं। इसके कारण शाम ढलते ही संबंधित इलाकों में अंधेरा छा जाता है। विडंबना यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोशनी की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाई गई इन लाइटों का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सोलर स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि रात के समय सड़क, गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी रहेगी। इससे खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को रात में आवागमन करने में सहूलियत होगी। लेकिन कुछ समय बाद ही कई लाइटें खराब हो गईं। लंबे समय से बंद पड़ी लाइटों की मरम्मत नहीं होने के कारण सरकारी योजना का उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात के अंधेरे में लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। खासकर जरूरी काम से देर शाम घर लौटने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
इस संबंध में मुखिया धनंजय सिंह उर्फ भंटू सिंह सहित स्थानीय ग्रामीणों ने खराब पड़ी सोलर स्ट्रीट लाइटों को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सरकारी राशि खर्च कर लाइटें तो लगा दी गईं, लेकिन उनके नियमित रखरखाव और मरम्मत की समुचित व्यवस्था नहीं होने से योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं पंचायत प्रतिनिधियों से अविलंब खराब सोलर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने, जरूरत पड़ने पर खराब उपकरणों को बदलने तथा नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ताकि पंचायत के लोगों को रात के समय भी रोशनी मिल सके और सुरक्षित आवागमन की सुविधा बहाल हो सके।






















